बकरीद पर शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से शहर को 20 सेक्टरों में बांटा गया है। इन सभी सेक्टरों में एक मजिस्ट्रेट और एक पुलिस अधिकारी तैनात किया गया है। छह सेक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। त्योहार पर शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने की कोशिश न करें।
एडीएम सिटी आईएएस राकेश कुमार मालपाणी व एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत की ओर से जारी संयुक्त आदेश के मुताबिक शहर में 20 सेक्टर बनाए गए हैं। ईदगाह का संपूर्ण क्षेत्र, ईदगाह के आसपास, चौकी भुजपुरा व तुर्कमान गेट को छोड़कर कोतवाली का संपूर्ण क्षेत्र, देहलीगेट का संपूर्ण क्षेत्र, सासनी गेट का संपूर्ण क्षेत्र, सिविल लाइन व क्वार्सी का संपूर्ण क्षेत्र, बन्नादेवी व गांधी पार्क का संपूर्ण क्षेत्र, देहली गेट चौराहा से हीरानगर चौराहा का क्षेत्र, तुर्कमान गेट व भुजपुरा का संपूर्ण क्षेत्र, सब्जी मंडी, चंदन शहीद तिराहा, जामा मस्जिद के दक्षिण पश्चिमी कोना, मिनी बस अड्डा मस्जिद के पीछे की तरफ, चरखवलान चौराहा, पानी की टंकी के सामने, पुरानी ईदगाह के पास कर्बला रोड तिराहा, अखाड़ा तिराहा, जमालपुर चौकी, हबीब हाल के सामने जमालपुर, क्वार्सी बाईपास मस्जिद क्षेत्र को सेक्टर में तब्दील किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में एक मजिस्ट्रेट व एक पुलिस अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है।