कस्बे से सटी एलमपुरा ग्राम पंचायत को चंडौस नगर पंचायत में शामिल करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। प्रशासन ने अगस्त 2025 में पंचायत को नगर पंचायत में शामिल करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया था मगर गांव वालों ने ही इस प्रस्ताव का विरोध करना शुरू कर दिया था। अब ग्रामीणों के सहमत होने पर नगर पंचायत फिर से इसे शामिल करने का प्रयास
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत का कार्यकाल मात्र 47 दिन का ही शेष बचा है। 25 मई 2026 को त्रिस्तरीय पंचायत का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। सरकार कभी भी पंचायत चुनाव की घोषणा कर सकती है। इसलिए त्रिस्तरीय चुनाव से पहले ग्रामीणों ने एलमपुरा को नगर पंचायत में शामिल किए जाने की मांग फिर से शुरू कर दी है। बता दें कि जनवरी 2020 में चंडौस को ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बनाया गया था, तब एलमपुरा को भी नगर पंचायत में शामिल करने की मांग चली थी लेकिन उस समय त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हाल में ही हुए थे। इसलिए मौजूदा ग्राम प्रधान सहित अन्य ग्रामीण पंचायत को नगर पंचायत में शामिल करने के पक्षधर नहीं थे। अब अधिकतर लोगों की मांग है कि एलमपुरा जौहरा ग्राम पंचायत को पंचायत चुनाव से पूर्व ही चंडौस नगर पंचायत में शामिल कर दिया जाए।
आंकड़ों के अनुसार एलमपुरा जौहरा ग्राम पंचायत की आबादी 3500 के करीब है और मतदाता भी करीब दो 2000 हजार हैं। इनमें से 1500 मतदाता एलमपुरा में और 500 के करीब मतदाता मजरा जौहरा में हैं। ग्राम पंचायत को नगर पंचायत में शामिल करने पर नगर पंचायत की मतदाता संख्या 13 हजार के करीब हो सकती है और वार्ड बढ़कर 13 हो सकते हैं।
शासन के निर्देश पर नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में एलमपुरा को नगर पंचायत में शामिल करने का प्रस्ताव संस्तुति सहित शासन को भेजा गया था। अब जल्द ही नगर विकास मंत्री से मिलकर एलमपुरा को नगर पंचायत चंडौस में शामिल करने की मांग की जाएगी। -डॉ. डीएस भारती, चेयरमैन
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले एलमपुरा ग्राम पंचायत अगर चंडौस नगर पंचायत में शामिल हो जाती है तो हम इसका स्वागत करेंगे। ग्राम पंचायत स्तर से इस बाबत जो भी सहयोग मांगा जाएगा, वह दिया जाएगा। - विनोद शर्मा ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत एलमपुरा।
पंचायत चुनाव से पहले एलमपुरा को नगर पंचायत में शामिल कर देना चाहिए। इससे गांव के लोगों को नगरीय सुविधाएं मिलेंगी। गांव के सभी लोगाें को इसकी पुरजोर मांग करनी चाहिए। - कृष्ण कुमार शर्मा, व्यापारी नेता चंडौस