दिल्ली, एनसीआर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में शुक्रवार रात को अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए। पहले तजाक्स्तिान और उसके बाद पंजाब के अमृतसर में भूकंप आया। जिसका असर आसपास में हुआ है। अलीगढ़ में तालानगरी सहित कई इलाकों में पांच मिनट लंबा भूकंप महसूस किया गया। तीव्रता अधिक नहीं होने से किसी की हानि की कोई सूचना नहीं आई है।
तालानगरी में रात 10.34 बजे ये झटके लगभग तीन बार महसूस किए गए। इन झटकों का अंतराल कम था लेकिन तीव्रता महसूस की गई। शहर के बहुमंजिला भवनों में भी कंपन महसूस किया गया। कई जगह लोग बहुमंजिला इमारतों से नीचे आ गए। कुछ देर तक इंतजार करने के बाद ऊपर अपने अपने आशियाने में पहुंचे।
एएमयू के भूगोल विभाग के सीनीयर प्रोफेसर अतीक अहमद सिद्दीकी ने बताया कि झटके महसूस किए गए हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसको मापने की व्यवस्था नहीं है। इसलिए इसकी तीव्रता का सटीक अनुमान नहीं लगाया जा सकता है। हम लोगों ने भी कुछ पल के लिए झटका महसूस किया। इधर, तालानगरी में रात में बहुमंजिला इमारतों में नाइट शिफ्ट में काम करने वाले, शहर के दूसरे फैक्टरी एरिया में काम करने वालों ने इसको महसूस किया।
कुछ देर के लिए इमारतों से लोगों ने नीचे उतरना बेहतर समझा। जिन बिल्डिंगों को भूकंपरोधी तकनीकी पर बनाया गया है, वहां के बाशिंदों ने राहत की सांस ली है। रात 11 बजे स्थिति सामान्य हो गई थी। प्रो. अतीक अहमद सिद्दीकी कहते हैं अलीगढ़ सहित आसपास का जोन भूकंप के हल्के झटकों का जोन है, लेकिन सतर्कता जरूरी है।