सस्ता होटल दिलाने के बहाने एक महिला को झांसे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले ई-रिक्शा चालक को बन्नादेवी पुलिस और सिटी एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया है। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
झांसा देकर होटल ले गया और किया दुष्कर्म
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ने थाना बन्नादेवी में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात वह रुकने के लिए होटल तलाश रही थी। इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक उसके पास आया और सस्ते होटल की जानकारी देते हुए उसे बन्नादेवी क्षेत्र के नीलकंठ होटल ले गया। होटल में कमरा दिलाने के बाद जब वह महिला से ई-रिक्शा का भाड़ा ले रहा था, तभी उसने जबरन कमरे में घुसकर अंदर से कुंडी लगा ली और महिला के साथ बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी और टेक्निकल इनपुट से हुई पहचान
थाना प्रभारी (एसएचओ) बन्नादेवी राजीव और सिटी एसओजी प्रभारी एसआई विनय के नेतृत्व में संयुक्त टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य टेक्निकल माध्यमों की मदद से आरोपी की पहचान सुभान निवासी नगला पटवारी, थाना क्वार्सी के रूप में की।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पहचान होने के बाद पुलिस टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थीं। इसी दौरान घेराबंदी किए जाने पर आरोपी सुभान ने खुद को घिरा देख अपने पास मौजूद अवैध हथियार से पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से सुभान घायल हो गया। मौके का फायदा उठाकर उसका एक अन्य साथी भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
एसपी सिटी, आदित्य बंसल ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस पंजीकृत किया गया था। सीसीटीवी और टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सुभान को चिन्हित कर जब पुलिस टीम उसे पकड़ने गई, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ है। घटनास्थल पर एफएसएल की फील्ड यूनिट साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कर रही है। मौके से एक मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा , कारतूस आदि मिले हैं। घायल को इलाज के लिए नजदीकी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।