अचानक कमरे से गोली की आवाज आई, परिवार के लोग दौड़कर कमरे की तरफ पहुंचे तो रितु जमीन पर गिरी पड़ी थी, उसके सिर में गोली लगी थी, तमंचा भी पास में ही पड़ा था। पुलिस का मानना है कि पति-पत्नी के विवाद में महिला ने खुद ही गोली मारकर आत्महत्या की है।
चंडौस के गांव पहावटी में 9 जुलाई सुबह दंपती में विवाद के बीच पत्नी की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। टेंपो चालक घायल महिला को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उतार कर भाग गया। पुलिस फिलहाल आत्महत्या का मामला मान रही है।
विज्ञापन
बुलंदशहर जिले के खुर्जा देहात के गांव नगला मोहतीपुर निवासी रतीराम सिंह ने अपनी दो बेटियों रितु और क्षमा की शादी चंडौस के गांव पहावटी निवासी श्यामवीर सिंह के दो पुत्र राजीव चौहान व उमेश चौहान के साथ वर्ष 2020 में की थी। शादी के कुछ दिन तक सब कुछ ठीक चला। इसके बाद राजीव और रितु में विवाद रहने लगा, दोनों परिवार समझा-बुझाकर मामले को शांत कर देते थे। परिजनों ने बताया कि 9 जुलाई तड़के से ही राजीव और रितु के बीच विवाद हो रहा था। सुबह करीब 7 बजे अचानक कमरे से गोली की आवाज आई, परिवार के लोग दौड़कर कमरे की तरफ पहुंचे तो रितु जमीन पर गिरी पड़ी थी, उसके सिर में गोली लगी थी, तमंचा भी पास में ही पड़ा था।
टेंपो चालक घायल महिला को बंबे किनारे उतारकर भागा
परिजन टेंपो से रितु को अस्पताल लेकर गए लेकिन टेंपो चालक को पता चला कि महिला को गोली लगी है तो वह गांव के बंबे के किनारे उतारकर भाग गया। परिजन शव को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां रितु को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के परिजन भी गांव में आ गए। भाई आशीष ने बहन की मौत पर सवाल भी खड़े किए हैं। महिला ने दो साल और छह माह की बेटी को अपने पीछे बिलखते छोड़ा है।
पति-पत्नी के विवाद में महिला ने खुद ही गोली मारकर आत्महत्या की है, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं आई है अगर तहरीर आएगी तो उसी के आधार पर आगे की जांच कराएंगे।-संजीव कुमार तोमर सीओ गभाना।