शिक्षकों की मांगों को लेकर धर्म समाज महाविद्यालय में आंदोलन का आगाज, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
फुपुक्टा और रंपुटा के आह्वान पर शिक्षक संघ ने शुरू किया क्रमबद्ध आंदोलन, आगे धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने की तैयारी
अलीगढ़। शिक्षकों की विभिन्न मांगों और शिक्षक हितों की अनदेखी के विरोध में धर्म समाज महाविद्यालय शिक्षक संघ ने सोमवार को क्रमबद्ध आंदोलन की शुरुआत की। फुपुक्टा एवं रंपुटा के आह्वान पर महाविद्यालय के शिक्षकों ने प्राचार्य कक्ष के सामने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों ने एकजुटता दिखाते हुए मांगों के समर्थन में आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
शिक्षक संघ की ओर से बताया गया कि शीर्ष संगठनों के दिशा-निर्देशों के तहत आगामी दिनों में भी आंदोलन जारी रहेगा। इसके तहत धरना-प्रदर्शन आयोजित करने के साथ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की तैयारी है। संघ ने सभी शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होकर सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान रंपुटा के सचिव डॉ. विशाल यादव, उपाध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण पांडेय, कोषाध्यक्ष डॉ. डीके पांडेय, सदस्य डॉ. रेखा तोमर, डॉ. दशरथ और डॉ. आशुतोष मौजूद रहे।
धर्म समाज महाविद्यालय शिक्षक संघ की ओर से उपाध्यक्ष प्रो. पुष्पेंद्र यादव, कोषाध्यक्ष प्रो. जेपी सिंह, संयुक्त सचिव डॉ. अनुराग मिश्रा, महिला उपाध्यक्ष डॉ. नीलम श्रीवास्तव, सचिव डॉ. पूजा, डॉ. मंजू सिंह, डॉ. अजय, डॉ. राज कुमार भारती, डॉ. नंद कुमार तिवारी, प्रो. वेदवती राठी और डॉ. रंजीत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।