ड्राइविंग ट्रैक पर टेस्ट लेते आरआई अुनराग वर्मा
- फोटो : संवाद
अलीगढ़ में बने मंडलीय ड्राइविंग ट्रैक पर स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट देने वाले बड़ी संख्या में फेल हो जा रहे हैं। एक माह में ही 2230 अभ्यर्थियों में से 433 लोग इस टेस्ट में फेल हो चुके हैं। अभी तक लोगों को जुगाड़ से ड्राइविंग लाइसेंस आसानी से मिल जाता था, इसलिए लोग डीएल की अहमियत नहीं समझते थे, लेकिन अब ड्राइविंग लाइसेंस हासिल करने में उनके पसीने छूट रहे हैं।
आरआई अनुराग वर्मा ने बताया कि मंडल स्तरीय ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट ( डीटीआई ) में स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट देने से पहले अभ्यर्थी को सेंसरयुक्त ट्रैफिक ट्रैक पर वाहन चलाना जरूरी है। इसमें टेस्ट देने वाले चालक फेल हो रहे हैं। सभी टेस्ट सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने के बाद ही आवेदकों का डीएल (ड्राइविंग लाइसेंस) जारी किया जा रहा है।
फेल होने पर सात दिन बाद दोबारा टेस्ट
यदि कोई अभ्यर्थी फेल होता है तो वह सात दिन बाद फार्म भरकर दोबारा स्लाॅट बुक कराकर टेस्ट दे सकता है। इसमें केवल आवेदक द्वारा ऑनलाइन टेस्ट की फीस जमा करनी पड़ेगी। लगातार तीन बार टेस्ट में फेल होने पर उसे लाइसेंस के लिए अनुपयुक्त घोषित कर दिया जाएगा।- दीपक शाह,आरटीओ प्रशासन