अलीगढ़ के टप्पल इलाके में एक कार के बोनट पर पुलिसवाले को बैठाकर तेज रफ्तार में गाड़ी भगा ले जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक रविवार करीब 11 बजे टप्पल थाने की आगे एसआई जितेंद्र तेवतिया खड़े हुए थे। तभी तेज गति से अलीगढ़ की तरफ से एक सफेद रंग की कार आते हुए दिखाई दी जिसे एसआई तेवतिया ने इशारा कर रुकवाने की कोशिश की। लेकिन गाड़ी चला रहे युवक ने गाड़ी को हल्का सा धीमा कर अचानक स्पीड बढ़ा दी।
ऐसा देखकर एसआई जितेंद्र तेवतिया ने फिल्मी स्टाइल में गाड़ी पर छलांग लगा दी और गाड़ी के बोनट पर लटक गए। इस पर भी गाड़ी चालक ने रोकने की बजाए कार की स्पीड को और बढ़ा दिया। एसआई जितेंद्र तेवतिया ने बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई जिसे देखकर लोग अचरज में पड़ गए और तरह-तरह की बातें करने लगे कि कहीं एसआई जितेंद्र तेवतिया का बदमाशों ने अपहरण तो नहीं कर लिया।
उधर, कार चालक ने बड़ी तेजी के साथ टप्पल क्षेत्र के गांव नूरपुर की तरफ गाड़ी को मोड़ लिया। कार गांव के समीप पहुंची ही थी कि तभी गायों का झुंड बीच में आ गया जिसके कारण गाड़ी चालक युवक गाड़ी खड़ी कर गांव की तरफ भाग निकला। पीछे से टप्पल थाना की फोर्स मौके पर पहुंची और उस युवक की छानबीन कर पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि युवक युसूफ पुत्र नजीर निवासी नूरपुर थाना टप्पल का रहने वाला है। फिलहाल, पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है और कार को अपने कब्जे में लिया है। युवक से पूछताछ जारी है।