मेडिकल रोड पर अमेरिका यूरोप की नई तकनीक से बनाई जा रही सड़क का निरीक्षण करते नगर आयुक्त प्रेम प
- फोटो : samvad
शहर की सड़कों पर बारिश के दौरान जलभराव और खुले नालों की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम नई तकनीक अपनाने जा रहा है। सीएम ग्रिड योजना फेज-3 के तहत सड़कों को अब अमेरिका एवं यूरोप में फेमस आधुनिक तकनीक स्टॉर्म वाटर ड्रेन पर बनवाया जाएगा।
नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश मीणा ने मंगलवार दोपहर नगर निगम के मुख्य अभियंता वीके सिंह व इंजीनियरिंग विभाग के साथ इस तकनीकी का मेडिकल रोड पर जाकर भौतिक सत्यापन किया।
नगर आयुक्त ने बताया कि इस तकनीक की विशेषता यह है कि सड़क निर्माण के साथ-साथ बारिश के पानी की निकासी के लिए भूमिगत पाइपलाइन एवं मैनहोल आधारित व्यवस्थित ड्रेनेज नेटवर्क विकसित किया जाता है। इससे सड़कें खुले नालों से रहित रहती हैं और ज्यादा चौड़ी रहती हैं।
सड़क पर जमा होने वाले बारिश के पानी को विशेष इनलेट एवं कैच पिट के माध्यम से भूमिगत पाइपलाइन में पहुंचाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस प्रणाली में सीमित दूरी एवं आवश्यकता के अनुसार मैनहोल बनाए जाते हैं।
मैनहोल भूमिगत पाइपलाइन के निरीक्षण, सफाई, रखरखाव एवं आवश्यकता पड़ने पर मरम्मत के लिए उपयोग किए जाते हैं। अमेरिका और यूरोप में इस्तेमाल होने वाली इस तकनीक से सड़क किनारे खुले नालों की जरूरत कम होगी और आवागमन के लिए ज्यादा जगह मिल सकेगी।