डीएस कॉलेज में एलएलबी परीक्षा को लेकर प्रदर्शन करते छात्र।
- फोटो : CITY OFFICE
एलएलबी अंतिम वर्ष में फेल हुए छात्रों ने मंगलवार को अमित गोस्वामी के नेतृत्व में डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि शिक्षक संघ (औटा) अध्यक्ष डॉ. ओमवीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर छात्र हित में कदम उठाने की मांग की है। अमित गोस्वामी ने कहा कि हम इंप्रूवमेंट परीक्षा और उसकी फीस नहीं देंगे। छात्रों को पासिंग नंबर चाहिए। तभी छात्र हित सिद्ध होगा। परीक्षा समिति की बैठक में पासिंग नंबर देने का प्रस्ताव रखें अन्यथा औटा के अध्यक्ष पद को त्याग दें।
छात्रों ने कहा कि एलएलबी व बीएएलएलबी अंतिम वर्ष में 90 प्रतिशत से अधिक छात्र छात्राएं फेल हुए हैं। यह कुलपति की हिटलरशाही का नतीजा है। ज्ञात हुआ कि औटा ने कुलपति के सामने चार विषयों की इंप्रूवमेंट परीक्षा कराने का प्रस्ताव दिया है। अगर परीक्षा कराई जाती है तो 15 दिन से लेकर एक महीने तक परीक्षाएं होंगी। फिर कॉपी चेक होंगी। परिणाम आते आते कई दिन बीत जाएंगे। ऐसे में परिणाम देरी से आएगा। अगर वास्तव में छात्र हित में कदम उठाना चाहते हैं तो पासिंग नंबर देने का प्रस्ताव रखें अन्यथा औटा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दें। साथ ही कहा कि अगर कुलपति प्रस्ताव को नहीं मानते हैं तो अध्यक्ष पद छोड़कर छात्रों के आंदोलन में शामिल हों। तभी मानेंगे कि औटा अध्यक्ष छात्र हित में काम कर रहे हैं।