महानगर की सासनी गेट थाना पुलिस ने मदीना कॉलोनी के एक मकान में दबिश देकर एक दर्जन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान मकान स्वामी सहित दो लोग भागने में सफल रहे। मौके से 38 हजार 154 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस द्वारा सभी पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है।
सीओ प्रथम प्रशांत कुमार के अनुसार इंस्पेक्टर सासनी गेट गोविंद बल्लभ शर्मा व उनकी टीम ने मदीना कॉलोनी में मुन्ना उर्फ तंजीर के मकान पर दबिश देकर 12 लोगों को खाईबाड़ी करते गिरफ्तार किया। ये सभी सट्टा पर्ची तैयार करने में लगे थे।
मौके से नकदी के साथ-साथ पर्चियां, काफी संख्या में कलम, गत्ता आदि बरामद हुए। पकड़े गए लोगों ने अपने नाम रिजवान व शमी मदीना कॉलोनी, इश्तहार व मीनू एसके लॉज, रोहिल, नफीस व गुड्डू भुजपुरा, जुल्फकार, शहजाद व मुश्तफा कासिमनगर बाईपास, शमीउल्ला ब्रहमपुरी, मेरठ, दिलदार उर्फ गुड्डू मुल्ला पाड़ा बताया। इस दौरान मकान स्वामी मुन्ना उर्फ तन्जीर व शाहिद उर्फ गट्टा दो लोग भाग गए।