भाजपा सांसद सतीश गौतम के मुहर्रम नहीं जानते के बयान पर पलटवार करते हुए पूर्व सांसद व सपा के वरिष्ठ नेता चौधरी बिजेंद्र सिंह ने कहा कि सांसद विवादित बयान देकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। मंगलवार को मैरिस रोड स्थित एक होटल में बिजेंद्र सिंह ने सतीश गौतम और भाजपा पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अलीगढ़ दौरे के दौरान जनप्रतिनिधियों को साथा चीनी मिल के किसानों के बकाया भुगतान, खाद की समस्या, महंगाई, भ्रष्टाचार और पेयजल जैसी जनहित की समस्याएं उठानी चाहिए थीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
विकास कार्यों की गुणवत्ता, सफाई व्यवस्था और कथित भूमि कब्जों जैसे मामलों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। लंबे समय से भाजपा सरकार होने के बावजूद शहर की पेयजल योजनाओं में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल के विकास कार्य आज भी उनकी पहचान हैं।