टप्पल में भाकियू के पदाधिकारियों को संबोधित करते राष्ट्रीय प्रवक्ता।
- फोटो : TAPPAL
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसानों का आह्वान किया कि किसी भी हाल में एमएसपी से कम पर अपनी फसल न बेचें। अगर पुलिस-प्रशासन उन्हें परेशान करे तो फसल लदी ट्रैक्टर ट्रालियां थाने और तहसीलों में ले जाकर खड़ी कर दें।
मंगलवार को मथुरा से दिल्ली जाते समय राकेश टिकैत टप्पल में भाकियू नेता विजय तालान के आवास पर कुछ समय के लिए रुके थे। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार किसान विरोधी है। पूरे देश में किसान यूनियन की पंचायतें चल रही हैं। पश्चिम बंगाल जाकर उन्होंने बंगाल के किसानों का आह्वान किया कि भाजपा एक मुट्ठी चावल मांग रही है तो उसके एवज में भाजपा से धान पर एमएसपी मांगें।
राकेश टिकैत ने कहा कि कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन लंबा चलेगा। देश को आजादी मिलने में 90 साल लग गए। किसान को काले कानून से बचाने के लिए धरना-प्रदर्शन की कोई समय सीमा निश्चित नहीं है। धरना स्थल के आसपास पक्के भवनों का निर्माण इसलिए कराया जा रहा है, जिससे किसान सुरक्षित रह सकें। कहा कि अभी तो सरकार पेस्टिसाइड एवं बिजली आदि पर भी बिल ला रही है। वह भी किसानों के हित में नहीं है। बताया कि राजस्थान, केरल, उड़ीसा आदि जगह पर अभी किसान पंचायतें हैं।
किसानों ने भूरा चौधरी के नेतृत्व में आंदोलन जारी रखने के लिए सहयोग राशि सौंपी। इस मौके पर भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव राजपाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह बालियान, जिला अध्यक्ष विमल तोमर, संतोष कुमार, मोहित सिंह, दशरथ, प्रदीप, ऊधम सिंह, रजनीश, शिवकुमार शर्मा, धर्मेंद्र सिंह, कुलदीप राजपूत मौजूद रहे।