मर्सडीज कार के नाम पर शहर के सिविल लाइंस इलाके के डॉक्टर से 8.5 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। कार के लिए खाते में 14.5 लाख रुपये भेज दिए गए थे। हालांकि, काफी खुशामद करने के बाद 6 लाख रुपये वापस मिल गए। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एसएसपी का प्रार्थना पत्र दिया गया है। मामले में साइबर सेल की मदद से जांच कराई जा रही है।
मेडिकल रोड निवासी डॉक्टर के अनुसार, उनके मोबाइल नंबर पर 21 मई 2021 को ओएलएक्स से उनके संपर्क में आए कमीशन एजेंट की कॉल आई। उसने कहा कि बहुत अच्छी मर्सडीज कार है, लॉक डाउन की वजह से डीलर प्राइज 20 लाख 50 हजार रुपये में मिल जाएगी। कार के कागज भी भेजे। उसका नंबर यूपी 83 एजे 9998 है।
बताया गया कि जिसकी कार है और उसके भाई के बैंक खाते में 14 लाख 50 हजार रुपये भेजना है। दोनों के आधार कार्ड भी एजेंट ने भेजे। बोला, बाकी भुगतान नकद दे देना। डील में एजेंट की लाजपत नगर दिल्ली निवासी बहन बहनोई भी शामिल थे। उन्होंने ही डील को बढ़िया बताया था।
उनकी बातों में आकर उन्होंने बताए गए खाते में 14.5 लाख रुपये भेज दिए। उसके कुछ ही देर में उन्हें मर्सडीज कंपनी में उनके परिचित ने बताया कि इस कार पर टोटल लॉस का टैग है। यह बात फौरन एजेंट को बताई और कार लेने से इंकार कर दिया और अपने रुपये मांगे। इस पर उन लोगों ने पूरी कोशिश की कि डील खत्म न हो और कार स्वामी से बात भी कराई।
कहा, दो लोग कार लेकर अलीगढ़ आ रहे हैं एक बार कार देख लो, लेकिन उन्होंने कहा कि उनके रुपये वापस कर दीजिए। शाम तक रुपये वापस करने को तय हो गया, लेकिन रुपये नहीं आए। बड़ी मुश्किल से खाताधारक से 6 लाख रुपये वापस किए। पीड़ित ने सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की शिकायत की है। एसएसपी से ऑनलाइन हुई शिकायत की जांच साइबर सेल को दी गई है।