सबसे पहले एडीए वीसी से शिकायत की। फिर डीएम को दुख बताया। डीएम ने एडीए वीसी को कार्रवाई में लगाया। वीसी ने कार्रवाई कर डीएम को अवगत भी करा दिया। पुलिस को भी कार्रवाई करने के लिए लिख दिया। इसके बाद भी पार्क व्यू रेजीडेंसी में रहने वाली शहर की नामचीन शख्सियतों की शिकायत पर अवैध निर्माण नहीं रुक पाया है।
चार महीने से फाइल तो खूब दौड़ी, लेकिन जिले के सबसे बड़े अधिकारी अवैध निर्माण की चार ईंट भी चिनाई से नहीं रोक पाए। पीड़ितों ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता कर एडीए पर बिल्डिर से सांठगांठ व भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। अब पीड़ितों ने डीएम से राय मांगी है कि वह आखिर कहां शिकायत करें कि उन्हें न्याय मिल जाए।
पार्क व्यू रेजीडेंसी, जापान हाउस कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश श्रीवास्तव, व्यापारी शरद अग्रवाल, पंकज शर्मा, प्रोफेसर उमेश चंद्र, विशाल अग्रवाल , दीपक पचौरी आदि ने बताया कि दक्षिण पश्चिम दिशा में बिल्डिर जापान होम प्लेस के नाम से बन रही है। बिल्डर ने सैट बैक नहीं छोड़ा है इससे उनकी बिल्डिंग की हवा और रोशनी बंद हो जाएगी।
इस 26 नवंबर को एडीए वीसी से लिखित शिकायत की। तीन बार मिले, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर डीएम से शिकायत की। डीएम ने वीसी को कार्रवाई के लिए लिखा। वीसी ने डीएम को बताया है कि बिल्डर साबिर राही को सीलिंग की कार्रवाई को लेकर नोटिस दिया है। निर्माण रोकने के आदेश जारी कर पुलिस को भी 13 और 27 जनवरी को निर्माण रुकवाने और मजदूर हटाने को पत्र लिख दिया है।
पीड़ितों का कहना है कि वह शुक्रवार को एसएसपी से भी मिले। एसएसपी ने थानेदार को कार्रवाई को लिखा है। आदेश तो सभी कर रहे हैं, लेकिन अवैध निर्माण नहीं रुकवा पा रहे हैं।