आरटीओ कार्यालय का निरीक्षण करते जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह। संवाद
- फोटो : CITY OFFICE
डीएम इंद्र विक्रम सिंह शुक्रवार को अचानक संभागीय परिवहन कार्यालय पहुंच गए। डीएम के आने की सूचना मिलते ही दलाल वहां से भाग गए। कार्यालय के निरीक्षण में डीएम को गंदगी के साथ भारी अनियमितताएं देखने को मिलीं। वाहनों से जुड़ी पत्रावलियां अस्त-व्यस्त मिलीं, जिन्हें देख डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और एक सप्ताह में सुधार की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों में साफ-सफाई के साथ ही विभागीय कार्य करने के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी अधिकारी-कर्मचारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसी क्रम में डीएम दोपहर के वक्त खुद संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कार्यालय में निरीक्षण के लिए पहुंच गए। डीएम जिस भी कमरे में पहुंचे, वहां गंदगी मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार की चेतावनी दी। हालांकि, डीएम को आरटीओ कार्यालय में निरीक्षण के समय कोई भी अनधिकृत व्यक्ति नहीं मिला, जो डीएम के पहुंचने की खबर से पहले ही भाग चुके थे। इतना ही नहीं, कार्यालय के बाहर खुलीं दुकानें बंद कर दुकानदार भी भाग गए। डीएम के जाने के बाद ही उन्होंने दुकानें खोली।
डीएम ने यहां काम से पहुंचे लोगों से कार्यालय आने का कारण एवं उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने रिकार्ड रूम को जल्द नवीन भवन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। डीएम करीब डेढ़ घंटे तक निरीक्षण को मौजूद रहे। आरटीओ फरीदउद्दीन ने डीएम को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह में कार्यालय की पत्रावलियों को दुरस्त कराते हुए उचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाएगा। इस मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मृणाली जोशी, एआरटीओ प्रवेश कुमार यादव, वरिष्ठ सहायक उपेंद्र विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।