दो दिन बाद राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी का शुभारंभ होना है लेकिन अब तक कृष्णांजलि नाट्यशाला और कोहिनूर मंच की तैयारियां अधूरी है। दुकानें भी पूरी तरह नहीं लग सकी हैं। झूले का जोन भी तैयार नहीं हुआ है। 29 जनवरी को तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे डीएम भड़क गए। उन्होंने अधीनस्थों को काम में तेजी लाने के लिए कहा है।
कृष्णांजलि नाट्यशाला में साज-सज्जा, लाइट एवं साउंड की व्यवस्था अभी आधी-अधूरी ही हो पाई है। डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि दरबार हॉल में लगने वाले पुस्तक मेले में नए लेखकों एवं ज्ञानवर्धक साहित्य को प्राथमिकता दी जाए।
दरबार हॉल में लगेगी आजादी की लड़ाई पर आधारित प्रदर्शनी
अलीगढ़ नुमाइश के दरबार हॉल में आजादी की लड़ाई पर आधारित प्रदर्शनी लगेगी। इस संबंध में अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन ने जिलाधिकारी मुलाकात की। उनको स्वाधीनता के महासमर में अलीगढ़ पुस्तक भेंट की।
संगठन के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि संस्कृति विभाग के निर्देश पर अलीगढ़ में स्वतंत्रता संग्राम में साधु-संत एवं धार्मिक संस्थाओं के योगदान पर सामग्री संकलित की जा रही है। मौके पर संरक्षक सरदार मनमोहन सिंह सचदेवा, उपाध्यक्ष कामेश गौतम, धर्मवीर सिंह, महामंत्री सुरेश चंद्र शर्मा, रजनी तोमर आदि मौजूद रहे।