लॉक डाउन क्षेत्र मौहल्ला सराय सुल्तानी में हुआ कार्यक्रम।
- फोटो : CITY OFFICE
सराय सुल्तानी पुलिस चौकी के 200 मीटर रेडियस में एक हिस्ट्रीशीटर अपने घर पर डीजे बजवाकर डांस पार्टी आयोजित कर लेता है और चौकी पुलिस से लेकर थाने तक को इसकी भनक नहीं लगती। इसे एसएसपी ने चौकी इंचार्ज से लेकर थानेदार तक की लापरवाही माना है। इसे लेकर चौकी इंचार्ज सराय सुल्तानी को सस्पेंड कर दिया है, जबकि चौकी इंचार्ज के साथ-साथ इंस्पेक्टर के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं।
खुद वीडियो टिकटॉक पर डालकर फंसा हिस्ट्रीशीटर परिवार
इस वाकये के विषय में जो जानकारी अधिकारियों को मिली, उसके अनुसार हिस्ट्रीशीटर ने अपने घर डीजे लगाकर बार डांसर व किन्नरों को बुलाकर डांस पार्टी का आयोजन किया। काफी संख्या में लोग भी जमा हुए और खुद ही परिवार के लोगों ने इस पूरी पार्टी के वीडियो बनाकर टिकटॉक पर अपलोड कर दिए। जिसमें डांस के साथ-साथ डांसरों पर नोट तक लुटाए जा रहे हैं। वहीं से यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए और रात में ही कुछ लोगों ने वीडियो चौकी इंचार्ज को भेज दिए। मगर रात में चौकी पुलिस ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
अधिकारियों तक वीडियो पहुंचा तब मुकदमा
सुबह जब वीडियो वायरल हुआ और अधिकारियों तक पहुंचा तो अधिकारियों के निर्देश पर मामले में मुकदमा दर्ज किया। इधर, एसएसपी मुनिराज जी ने माना कि मामले में चौकी इंचार्ज की प्रथम दृष्टया लापरवाही प्रतीत हुई है। इसे लेकर चौकी इंचार्ज आशीष कुमार को निलंबित कर दिया गया है। वहीं चौकी इंचार्ज के साथ-साथ ध्यान न देने पर इंस्पेक्टर सासनी गेट जावेद खां के खिलाफ प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए गए हैं।