कोतवाली क्षेत्र के गांव विदिरिका में अनुसूचित जाति के दिव्यांग युवक ने एकतरफा प्रेम में अन्य जाति की युवती को शनिवार को गोली मारकर घायल करने के बाद अपनी कनपटी पर कट्टे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उसकी जेब में मिले सुसाइड नोट के आधार पर उसके पिता की तहरीर पर दो महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दोपहर करीब दो बजे यह युुवती अपने पशुओं को घेर में बांधने जा रही थी। इसी दौरान दिव्यांग अजीत सिंह (29) पुत्र उत्तम सिंह ने उसको कट्टे से गोली मार दी जो उसके पैर में लगी। जान बचाने के लिए युवती भागकर अपने घर में घुस गई। इसके बाद अजीत सिंह ने अपनी कनपटी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
युवती को उसके परिजन उपचार के लिए मलखान सिंह जिला चिकित्सालय लेकर गए। वहां से उसको मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। जानकारी पाकर कोतवाल विजय सिंह तथा थाना मडराक के फोर्स के साथ ही सी.ओ. राघवेन्द्र सिंह गांव पहुंचे। प्रभारी एसपी देहात मुकेश उत्तम भी वहां आ गये। घटना के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी लेने के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि एक वर्ष पहले युवती से छेड़खानी करने संबंधी तहरीर कोतवाली में दी गई थी, जिसको लेकर दोनों पक्षों में समझौता होने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। सी.ओ. राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट के आधार पर अशोक पुत्र कालीचरन, महावीर पुत्र राधेलाल, अन्नू देवी पत्नी शेर सिंह व श्वेता पुत्री शेर सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने संबंधी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।