जिला कारागार के लेखाकार का शनिवार की शाम को बस में से किसी ने बैग पार कर दिया। बैग में 98 हजार रुपये तथा अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। पीड़ित ने बस में बैठी सवारियों की तलाशी भी कराई, लेकिन बैग नहीं मिला। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
जिला कारागार के लेखाकार अनिल कुमार शर्मा के अनुसार शनिवार की शाम छह बजे वह गांधी पार्क बस अड्डे से आगरा जा रही सोहराबगेट की बस संख्या यूपी 84 टी 0762 में सवार हुए। वह बस के ड्राइवर के पीछे दूसरी सीट पर बैठे।
उन्होंने सीट के ऊपर बनी रैलिंग में अपना बैग रख दिया। पीड़ित का कहना है कि जैसे ही बस चली तो उनके मोबाइल पर फोन आया। वह फोन पर बात कर रहे थे, इसी दौरान किसी ने बैग को चोरी कर लिया।
बैग में 98 हजार रुपये समेत अन्य सामान रखा था। काफी प्रयास के बाद भी बैग चोरी करने वाले का कोई पता नहीं चला तो वह अपने नाती के एडमीशन के लिए आगरा रवाना हो गए। लौटकर आने पर उन्होंने गांधी पार्क थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।