तालानगरी में बीते शुक्रवार को हुई फायरिंग के मुकदमे में फरार चल रहे जिला पंचायत सदस्य के पति के पक्ष में अब उनकी पत्नी उतर आईं हैं। उन्होंने व्यवसायी पर घर में घुसकर गाली गलौज करने, जाति सूचक शब्द कहने और पति को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। जिसके सीसीटीवी साक्ष्य होने का हवाला दिया गया है।
वार्ड संख्या 37 से जिला पंचायत सदस्य दुर्गेश कुमारी ने थाना प्रभारी को लिखित तहरीर देकर तालानगरी में व्यवसायी पर हुई फायरिंग की घटना को फर्जी बताया। व्यवसायी पर ही गंभीर आरोप लगाए। कहा कि मई गांव के सुनील सिंह का मोहल्ला जहांगीराबाद के गाटा संख्या-1059 में रकबा 0.288 हेक्टेयर, गाटा सं. 1064 में रकबा 0.864 हेक्टेयर का प्लॉट है। जिसका उनके पास 16 अगस्त 1994 का रजिस्टर्ड बैनामा है। 21 नवंबर 2024 को सुयश सक्सेना ने अपने साथी संग प्लॉट पर अवैध कब्जा कर निर्माण शुरू कर दिया। इसकी शिकायत लेकर सुनील सिंह उनके पति वीरपाल दिवाकर के पास आए।
वीरपाल सिंह ने थाने सूचना देकर अवैध कब्जा व निर्माण कार्य रुकवा दिया। दुर्गेश कुमारी का आरोप है कि फायरिंग की कथित घटना वाले दिन 22 नवंबर की सुबह करीब 8.30 बजे सुयश सक्सेना उनके घर में घुस आए। हत्या करने की धमकी दी। दुर्गेश कुमारी ने इन आरोपों की सत्यता को प्रमाणित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज होने का हवाला देकर पुलिस से निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। प्रशिक्षु पीपीएस अधिकारी धनंजय सिंह ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है।