जिला मलखान सिंह अस्पताल 3.14 करोड़ रुपये और हाथरस का बागला जिला अस्पताल 2.47 करोड़ रुपये से उच्चीकृत किया जाएगा। जिला मलखान सिंह अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से इसके उच्चीकरण की मांग लगातार हो रही थी। प्रदेश के संयुक्त सचिव प्राणेश चंद्र शुक्ल ने महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को पत्र भेजकर मंजूरी की जानकारी दी है।
तत्कालीन शहर विधायक संजीव राजा ने जिला मलखान सिंह अस्पताल में मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी को लेकर यहां बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, पर्याप्त संसाधन और भवन निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। वे इसके लिए लगातार प्रयास करते रहे, किंतु अपने कार्यकाल के दौरान प्रस्ताव को मंजूरी के साथ ही बजट जारी नहीं करा सके थे। अब शासन ने उनकी इस मांग पर मंजूरी की मुहर लगा दी है। इससे उम्मीद है कि जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेगी। नए भवन निर्माण के साथ ही यहां उपकरण व फर्नीचर की खरीद होगी। दवा स्टोर रूम, मरीज भर्ती हॉल, डॉक्टरों कक्ष, नर्स, कंपाउंडर कक्ष का भी निर्माण होगा।