ऑक्सीजन किल्लत के बीच मंगलवार को जिले को 14 गैस मिली। इसमें छह टन गैस जेएन मेडिकल कालेज के लिए गाजियाबाद से आई। इसके अलावा जिले के अन्य निजी और सरकारी अस्पतालों की सप्लाई के लिए राउरकेला, बिहार से आठ टन गैस की मंजूरी मिली। वहां से दिन में ही टैंकर रवाना हो गया था।
हालांकि देर रात खबर लिखे जाने तक टैंकर अलीगढ़ नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के तक ऑक्सीजन गैस लेकर टैंकर अलीगढ़ आएगा। इसको राधिका और केसी प्लांट पर अनलोड कराया जाएगा। यहीं से गैस की आपूर्ति अस्पतालों को की जाएगी।
औषधि निरीक्षक हेमेंद्र चौधरी ने बताया कि ऑक्सीजन आपूर्ति के हर संभव प्रयास कर जिले के लिए ऑक्सीजन मंगवाई जा रही है। राधा गैस प्लांट भी पूरी क्षमता के साथ संचालित है।
राधा गैस प्लांट के बाहर बाहरी सक्रिय, वीडियो वायरल
ऑक्सीजन की आपूर्ति को लेकर मारामारी मची हुई है। राधा गैस प्लांट, कासिमपुर पर लोगों का जमावड़ा रहता है। आए दिन वहां पर कोई न कोई विवाद हो रहा है। अब ताजा मामला एक वीडियो से सामने आया है। यहां एक बाहरी व्यक्ति प्लांट के बाहर सक्रिय है और प्रशासन के नाम से व्यवस्था संभालने के नाम पर अपने चहेतों को पहले ऑक्सीजन उपलब्ध करा रहा है।
इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे वायरल करने वाले ने कालाबाजारी करने का आरोप लगाया है। सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में इस प्रकार का कोई मामला नहीं है। अगर, प्रशासन के नाम पर कोई व्यक्ति ऐसा कर रहा है तो संबंधित व्यक्ति उसकी शिकायत करें। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।