महानगर के सिविल लाइंस के मौलाना आजाद नगर में भाई-बहन में नए कपड़ों को लेकर छिड़ी बहस पर मां ने बेटे का पक्ष लेते हुए बेटी की पिटाई कर दी। इससे व्यथित बेटी ने गुस्से में आकर घर में मौजूद तेजाब पी लिया।
तब से नाजुक हालत में बेटी का जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई। युवती की मौत पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार के सुपुर्द कर दिया है। हालांकि मामले कोई कार्रवाई न होने की लिखित सहमति परिवार से ली गई है।
पुलिस से पूछताछ में परिवार ने बताया कि मध्य प्रदेश में फैक्ट्री में काम करने वाले इंद्रीश सिंह निवासी मौलाना आजाद नगर के सात बच्चों में दो बड़े बेटों की शादी हो चुकी हैं जो परिवार से अलग रहते हैं। यहां घर में उनकी पत्नी पांच अविवाहित बच्चों संग रहती हैं, जिनमें सबसे बड़ी 19 वर्षीय रश्मी का आठ दिन पहले अपने छोटे भाई व मां से नए कपड़ों को लेकर विवाद हो रहा था।
वह कह रही थी कि मां भाई की पढ़ाई से लेकर अन्य तरह की हर जरूरत पर पूरा ध्यान देती हैं, जबकि मेरे लिए कहने पर नए कपड़े नहीं दिलवाए जा रहे। इस बात पर भाई बहन में झगड़ा हुआ था। इस झगड़े में मां ने बेटे का पक्ष लेते हुए बेटी को डपटते हुए थप्पड़ जड़ दिया था।
इससे गुस्से में आई बेटी ने तेजाब पी लिया। यह खबर मध्य प्रदेश में इंद्रीश को हुई तो वह भी छुट्टी लेकर चला आया। यहां बृहस्पतिवार को बेटी की मौत हो गई। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस अमित कुमार के अनुसार मामले में परिवार ने लिखित में दिया है। कोई कार्रवाई नहीं चाहिए। मगर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिवार को सौंपा है।