कस्बे के एक मोहल्ला निवासी युवती ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर डाकघर के कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि वह 23 दिसंबर को अपनी बहन के साथ डाकघर में आधार कार्ड में संशोधन कराने गई थी।
पीड़िता के अनुसार डाकघर के स्टाफ का व्यवहार उचित नहीं था। उसे बैठने के लिए कह दिया गया और वह शाम करीब चार बजे तक बैठी रही। इस दौरान उसके बाद आने वाले लोगों का काम होता रहा, लेकिन उसका कार्य नहीं किया गया। जब उसने इसका कारण पूछा तो वहां मौजूद एक कर्मचारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसका काम करने से मना कर दिया।
युवती ने आरोप लगाया कि इस घटना से उसे मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़ा। उसने यह भी कहा कि यदि वह अकेली होती तो उसके साथ कोई अप्रिय घटना भी घट सकती थी। पीड़िता ने लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
इस मामले में खैर पुलिस चौकी पर दोनों पक्षों के लोग एकत्रित हुए, जहां समझौता करा दिया गया। डाकघर अधिकारी हम्मवीर सिंह ने बताया कि विवाद आधार कार्ड संशोधन को लेकर हुआ था, जिसका निस्तारण कर दिया गया है। स्टाफ के व्यवहार में सुधार लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बता दें कि इससे पहले भी करीब चार माह पूर्व डाकघर कर्मचारियों के दुर्व्यवहार को लेकर एक अन्य व्यक्ति ने खैर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर बाद में विभाग द्वारा माफी मांगे जाने पर समझौते से निस्तारित किया गया था।