बरौली-सौंगरा रोड पर बुधवार रात पुलिस ने गश्त के दौरान कार सवार दिल्ली के पांच लोगों को पुलिस के साथ बदसुलूकी करने के आरोप में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस कर्मियों से नोकझोंक के दौरान कार में आग लग गई और धू-धूकर जलकर राख हो गई।
थाना प्रभारी जवां धीरज यादव ने बताया कि रात्रि करीब 10:00 बजे उप निरीक्षक रामवीर सिंह और हेड कांस्टेबल अर्जुन कुमार बरौली-सौंगरा रोड पर गश्त के दौरान वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इतने में ही अलीगढ़ की ओर से एक कार आती दिखाई दी, जिसे रोकने का प्रयास किया तो चालक कार को बैक कर भागने लगा।
पुलिस ने पीछा कर कार को गांव माधौगढ़ के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। कार सवारों को बाहर निकलने के लिए कहा तो उन्होंने फोन कर अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसी दौरान कार के धुरे में अचानक आग लग गई। कार सवार पुलिस कर्मियों के साथ गाली गलौज करने लगे। टीम ने अमरौली तथा सीडीएफ चौकी पर फोन कर पुलिस फोर्स को बुलवा लिया। साथ ही दमकल को बुलवाया गया, जिसने कार आग पर काबू पाया लेकिन कार पूरी तरह से जल गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने नाम तौसीफ पुत्र अंजुम परवेज, जुनैद पुत्र शकील, आतिफ पुत्र इम्तियाज, मिराज पुत्र इसरार अहमद, समीर पुत्र नजरुल निवासीगण रशीद मार्केट, कृष्णानगर दिल्ली बताए। सभी आरोपियों को पुलिस के साथ बदसुलूकी और मजामत करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा अज्ञात साथियों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
वर्जन
पुलिस को देखकर कार सवार बैक कर भाग रहे थे, पुलिस के पीछा करने के दौरान उनकी कार में आग लगी देखकर उसे रोका तो वह पुलिस से बदसुलूकी करने लगे। पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया है।
- सर्वम सिंह, सीओ तृतीय।