अलीगढ़ रेंज कार्यालय के शुभारंभ पर आए एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने मीडिया से कहा कि लव जिहाद जैसे मामलों में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरती जा रही है। चूंकि यह कानून व्यवस्था से जुड़ा मसला बन जा रहा है। इसलिए किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हर पहलू पर पुलिस बारीकी से नजर रखे हुए है। चूंकि सरकार अपराध व कानून व्यवस्था के मामले में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाए हुए है। इसलिए चाहे मसला लव जिहाद के बढ़ते मामलों का हो या फिर उसे लेकर होने वाली प्रतिक्रिया का। शासन की स्पष्ट मंशा है कि महिला अपराध के मामलों में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कचहरी की सुरक्षा से जुड़े सवाल पर कहा कि इस विषय में स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं। खुद डीजी स्तर से मीटिंग में कहा गया है। अलीगढ़ सहित सभी दीवानी कचहरी परिसर में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध कराए गए हैं। इस विषय में एसएसपी स्तर से भी टीमों को लगाया गया है। साइबर थाना के प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि शासन स्तर से अब सभी जिलों में साइबर थाने खोलने का प्रस्ताव दिया है। चूंकि अलीगढ़ रेंज मुख्यालय पर पहले से है, इसलिए अब रेंज के अन्य जिलों में यह थाने खोले जाएंगे। अंत में उन्होंने नए रेंज भवन और जिला पुलिस के अन्य भवनों को लेकर कहा कि जिस तरह से काम चल रहा है। इससे अच्छा वातावरण भी बनेगा।
जवां रोड पर मिली साइबर थाने को जमीन
रेंज स्तरीय साइबर थाने को अपने भवन व अपनी जमीन पर संचालन को लेकर एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि इसके लिए जवां रोड पर जमीन मिल गई है। यह जमीन आवंटित कर दी गई है। बहुत जल्द बजट जारी होते ही साइबर थाने का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
एएमयू रजिस्ट्रार से जाने कैंपस के हालात
अलीगढ़। एडीजी जोन ने नए रेंज कार्यालय में अधिकारियों संग चर्चा के दौरान एएमयू रजिस्ट्रार से भी एएमयू के मौजूदा हालात पर चर्चा की। पूछा कि कैसे कैंपस में इन दिनों गतिविधियों संचालित हो रही हैं। इस पर उन्होंने एसपी सिटी के रहने के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह से उस समय काम चलाया जाता था।