टोल प्लाजा के आसपास चोरों का सक्रिय होना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। पुलिस को इन चोरों पर अंकुश लगाने में कठिनाई हो रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
अकराबाद अंतर्गत जीटी रोड स्थित टोल प्लॉजा के आसपास ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ ट्रक चालकों ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने रात्रि गश्त बढ़ा दी है और डीजल चोरों पर निगरानी बनाए हुए है। शनिवार की रात भी दो ट्रकों की टंकी से चोरों ने डीजल चोरी किया है।
विज्ञापन
फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद के गांव रोहिला निवासी कंटेनर चालक स्वाभिमान ने तहरीर में कहा है कि वह गुरुग्राम मानेसर से कारों से जुड़ा सामान लादकर लखनऊ ले जा रहा था। शनिवार की रात टोल प्लॉजा के पास कंटेनर में खराबी आने पर वह कंटेनर को सड़क किनारे खड़ा कर गाड़ी में ही सो गया। सुबह जागने पर पता चला कि अज्ञात चोर गाड़ी की टंकी से करीब 250 लीटर डीजल चोरी कर ले गए।
विज्ञापन
एक अन्य कंटेनर चालक कासगंज के गांव निजामपुर निवासी भीष्मपाल पुत्र ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि कंटेनर में झज्जर से टॉफी लादकर लखनऊ जा रहा था। रात में नींद आने पर गाड़ी टोल प्लॉजा के पास खड़ी कर सो गया। टंकी से 150 लीटर डीजल चोरी हो गया।
विदित है कि डीजल चोरी के मामले में कुछ दिन पूर्व गुस्साए ट्रक चालकों ने ट्रकों को सड़क पर खड़ा कर जाम लगा दिया था। उस समय पुलिस ने मौके पर डीजल चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही थी लेकिन डीजल चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। थाना प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच-पड़ताल की जा रही है।