चंडौस क्षेत्र के गांव जामुनका में पिछले दिनों हुई हत्या के मामले में फोन पर समझौते के लिए कथित तौर पर धमकी देने का आरोप बुलंदशहर जनपद के डिबाई ब्लाक प्रमुख पर लगा है। इस संबंध में पीड़ित पक्ष ने सोमवार को एसपी देहात से मुलाकात कर शिकायत की, जिस पर मुकदमे का आदेश किया गया है।
यह शिकायत गांव जामनुका के नसीर खां ने दी है, जिसमें कहा है कि बहु के ससुरालियों ने यहां आकर विवाद किया था। मारपीट के दौरान नसीर के पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। जिसके संबंध में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में उसी समय से डिबाई के ब्लाक प्रमुख पैरवी कर रहे हैं। अब फोन पर तरह तरह की धमकियां मिल रही हैं। अब उनके मोबाइल पर कभी गुलफाम नाम से, कभी वकील नाम से तो कभी किसी नाम से समझौते के लिए धमकी भरे कॉल आते हैं।
इसी क्रम में खुद को डिबाई ब्लाक प्रमुख आनंद लोधी बताते हुए एक कॉल आया और समझौते के लिए धमकी दी। यहां तक कहा कि अगर बात न मानी तो परिणाम अच्छे नहीं होंगे। इस मामले में एसपी देहात के स्तर से थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर विवेचना के निर्देश दिए हैं। इंस्पेक्टर चंडौस का कहना है कि अभी उन्हें तहरीर या आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश प्राप्त होते ही कार्रवाई की जाएगी।