यूजीसी के नए नियमों और एससी-एसटी एक्ट को वापस लेने की मांग को लेकर चल रहा राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज धवरैया का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। धरने को समर्थन देने करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत समर्थकों सहित पहुंचे।
उन्होंने यूजीसी के नए नियमों का विरोध करते हुए इन्हें संविधान प्रदत्त अधिकारों के विरुद्ध बताया और देशव्यापी जनजागरण अभियान चलाने की बात कही। गौरतलब है कि सवर्ण संगठनों की प्रस्तावित ‘सनातन स्वाभिमान पदयात्रा’ को सात फरवरी को पुलिस-प्रशासन ने अनुमति न होने के कारण रोक दिया था। इसके बाद धवरैया अपने आगरा रोड कंचन नगर स्थित आवास के बाहर धरने पर बैठ गए थे।
करणी सेना के अध्यक्ष राज शेखावत ने बताया कि विभिन्न संगठनों द्वारा गठित ‘सवर्ण समाज समन्वय समिति’ आठ मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में महाआंदोलन करेगी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से दिल्ली पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की अपील की। धरने के दौरान वक्ताओं ने मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।