धनीपुर एयरपोर्ट पर निरीक्षण करते डीएम इंद्र विक्रम सिंह और एसएसपी कलानिधि नैथानी।
- फोटो : CITY OFFICE
जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि धनीपुर एयरपोर्ट के संचालन में जो भी रुकावटें हैं, उन्हें पत्राचार कर दूर कराया जाएगा, ताकि जल्द ही लखनऊ की उड़ान शुरू हो सके। डीएम ने एयरपोर्ट पर पर्याप्त साफ-सफाई न मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। डीएम इंद्र विक्रम सिंह एवं एसएसपी कलानिधि नैथानी मंगलवार को धनीपुर एयरपोर्ट के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं को परखा। सफाई व्यवस्था को लेकर वे असंतुष्ट नजर आए। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट एवं एयरपोर्ट के प्रभारी प्रदीप कुमार वर्मा को निर्देशित किया कि वे एयरपोर्ट परिसर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। डीएम ने निरीक्षण में पाया कि एयरपोर्ट संचालन के लिए जो भी निर्माण कार्य होने चाहिए, वह लगभग पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट परिसर में कोई मरम्मत या नवीन कार्य होना अवशेष है तो समन्वय स्थापित कर उसे पूरा कराएं। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि एयरपोर्ट पर पांच माह पूर्व ही सभी निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों की टीम भी एयरपोर्ट का स्थलीय निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट सौंप चुकी है।