नगर पंचायत चंडौस की बोर्ड बैठक शनिवार को हुई। इसमें करीब डेढ़ करोड़ रुपये के 15 विकास प्रस्ताव पास हुए। साथ ही पिछले वर्ष के अधूरे कार्यों और नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पर भी चर्चा हुई।
चेयरमैन डॉ. डीएस भारती और अधिशासी अधिकारी रेनू यादव के नेतृत्व में हुई इस बैठक में 11 वार्ड सदस्यों ने प्रस्ताव पेश किए। नगर पंचायत लिपिक धर्मेंद्र राना के अनुसार वार्ड नंबर एक, दो व तीन में आरओ वाटर प्लांट लगेंगे। वार्ड चार में बड़े कब्रिस्तान से भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाएगा।
नई बस्ती में पोखर की सफाई होगी। वार्ड छह में सीसी सड़क बनेगी व हाईमास्ट लाइट लगेगी। खैर अड्डा करबन नदी पर यात्री शेड व रामलीला स्टेज पर कमरे का बरामदा बनेगा। कसेरू तिराहे से नगला जाट तक लाइट, नाला निर्माण होगा। होलिका दहन के लिए जगह निर्धारित होगी। इसके साथ अन्य स्थानों पर कार्य होगा।
चेयरमैन ने कहा कि बजट के हिसाब से प्रत्येक वार्ड में जरूरत के हिसाब विकास कार्य किए जा रहे हैं। बैठक में सुल्तान सिंह, सदस्य ऋषि शर्मा, विनोद गुप्ता, राजू चौधरी, नरेंद्र सारस्वत, राहुल योगी, वारिश अली, अर्पित आदि मौजूद रहे।
वार्ड नौ के सदस्य विनोद गुप्ता ने नगर पंचायत की भूमि हो कब्जे को हटाने का मुद्दा उठाया। दोनों रास्ते से अतिक्रमण हटवाने, रास्तों पर गोबर आदि डालने व रास्तों पर बुग्गी व ठेली, खड़ी करने वालों का चालान करने की मांग की।