रविवार को तड़के पहर महानगर के रामघाट रोड स्थित एक नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान एक महिला की तबीयत बिगड़ गई। इस पर तत्काल उसे नोएडा के लिए रेफर किया गया, मगर अस्पताल से निकलते ही उसकी मौत हो गई। इस पर परिवार वाले महिला का शव वापस नर्सिंग होम लेकर पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
हालांकि पुलिस ने परिवार वालों को समझाकर और कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांत कराया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार को सौंप दिया गया है। अभी तक पुलिस के पास तहरीर नहीं पहुंची है।
हाथरस के हसायन क्षेत्र के गांव महाराजपुर के पुष्पेंद्र की 25 वर्षीय पत्नी सोनी दूसरे बच्चे के लिए गर्भवती थी। शनिवार की रात प्रसव के लिए उसे रामघाट रोड के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। परिवार के अनुसार ऑपरेशन से सोनी ने एक बेेटे को जन्म दिया, मगर तड़के महिला की तबियत बिगड़ी। इस पर तत्काल उसे नोएडा के लिए रेफर किया गया।
परिवार वाले महिला को एंबुलेंस से लेकर नोएडा के लिए निकल रहे थे लेकिन अचानक देखा कि वह मृत है। इस पर वह वापस नर्सिंग होम पहुंच गए और इलाज में लापरवाही व देरी का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। तड़के पांच बजे हंगामे पर स्टाफ भी इधर-उधर हो गया। हालांकि डॉक्टर ने समझाने का प्रयास किया, मगर बात नहीं बनी।
हंगामे की सूचना पर क्वार्सी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह परिवार को समझाकर शांत कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण अत्यधिक रक्तस्राव होना बताया गया है।
रामघाट रोड के मैक्सफोर्ट अस्पताल में महिला की प्रसव के बाद तबियत बिगड़ी थी। उसे रेफर किया गया, मगर रास्ते में मौत हो गई। परिवार ने हंगामा किया लेकिन समझाकर शांत करा दिया गया। अभी परिवार की ओर से किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
- संजय जायसवाल, इंस्पेक्टर