शहर में मलेरिया विभाग की टीम ने सर्वे करते हुए चार जगह डेंगू का लार्वा पाया है। सभी जगह से लार्वा नष्ट कराते हुए नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा शहर में स्वास्थ्य विभाग की टीम का भ्रमण जारी है। उमस भरे मौसम को ध्यान में रखते हुए मलेरिया विभाग लोगों को जागरूक करने का काम भी कर रहा है।
जिला मलेरिया विभाग को सूचना मिली कि गूलर रोड, बन्ना देवी इलाके में मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इसके बाद जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ के निर्देश पर मलेरिया विभाग की टीम मौके पर पहुंची और यहां पर दो स्थानों पर डेंगू का लार्वा पाया।
यहां पर खुशी देवी, बीपू बाबू, एसबी शर्मा आदि के यहां पर कूलर में डेंगू का लार्वा तैरता पाया गया। टीम ने तुरंत ही इनमें मिट्टी का तेल डलवाया और लावा को नष्ट करवाया। साथ ही इनको नोटिस भी दिए गए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि लार्वा पाए जाने के बाद उसे बहा देना भी ठीक नहीं है क्योंकि नाली के पानी में वह पनप सकता है। इसलिए मिट्टी का तेल डालकर उसे नष्ट करना ही सबसे अच्छा उपाय है। उन्होंने डेंगू से बचाव करने के लिए उपाय किए जाने की अपील की है।
डेंगू से बचाव के लिए यह करें
- यह घर के अंदर का मच्छर है, दिन में काटता है। कीटनाशक का छिड़काव करें।
- घर के अंदर कूलर, बाल्टी, फ्लावर पाट, फ्रिज पैन, घड़े आदि में पानी को बदलते रहें।
- शरीर पर मच्छर निरोधक औषधियों, नीम का तेल, सरसों का तेल लगाएं।
- बच्चों को पूरी बाहों की शर्ट और जूते मौजे पहना कर ही बाहर भेजें।
- घर के आसपास पानी एकत्रित होने वाले स्थान को मिट्टी से भर दें।
- तेज बुखार होने पर खुद दवा लेने की जगह चिकित्सक से सलाह लें।