कैनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय पर बैंक कर्मियों ने किया प्रदर्शन।
- फोटो : अमर उजाला
ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के आह्वान पर बृहस्पतिवार को बैंक कर्मियों ने सूत मिल, सारसौल स्थित केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पर आंदोलनात्मक कार्यक्रम के तहत प्रदर्शन कर नारेबाजी की। 19 नवंबर को सभी बैंकों में देशव्यापी हड़ताल का आयोजन होगा।
वक्ताओं ने कहा कि हाल ही के दिनों में बैंकों में उनके प्रबंधन द्वारा द्धिपक्षीय समझौतों का उल्लंघन करते हुए सेवा शर्तों को तोड़ा- मरोड़ा गया है और एकतरफा निर्णय लेते हुए कर्मचारियों के नियम विरुद्ध तरीके से बड़े पैमाने पर स्थानांतरण किए गए हैं। विरोध करने पर यूनियन के नेताओं के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। कई कर्मचारियों का निलंबन किया गया है। कुछ बैंकों में तो यूनियन के नेताओं को बर्खास्त भी कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रबंधन के हमले किसी एक बैंक में नहीं अपितु एक साथ कई बैंकों में हो रहे हैं। प्रतीत होता है कि एक साजिश के तहत यूनियनों को तोड़ने और कर्मचारियों की आवाज को दबाने की खतरनाक साजिश की जा रही है। जो बैंक कर्मचारियों के अधिकारों के हनन का मार्ग प्रशस्त करेगी।
वक्ताओं ने कहा कि यदि आईडी अधिनियम की धारा 33 का जान बूझकर उल्लंघन किया जाता है और न्यायालय के आदेशों का सम्मान नहीं किया जाता है तो हड़ताल करने को बाध्य होंगे। बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, आईडीबीआई और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया आदि अनेकों बैंकों में प्रबंधन नकदी प्रेषण के कार्य, हाउसकीपर कार्यों को आउटसोर्सिंग से किया जा रहा है। अधीनस्थ एवं अंशकालीन सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने के बजाय प्रबंधन द्वारा इन नौकरियों को आउटसोर्सिंग करने पर जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में सभी बैंक कर्मी आठ नवंबर को काली पट्टी धारण कर दिनभर कार्य करेंगे। 18 नवंबर को बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा मसूदाबाद पर सायं 5:30 बजे प्रदर्शन किया जाएगा। 19 नवंबर को अखिल भारतीय हड़ताल पर रहकर सुबह 10:30 बजे पंजाब नैशनल बैंक के मंडल कार्यालय, तालसपुर, रामघाट रोड पर एकत्रित होकर धरना- प्रदर्शन करेंगे।