जट्टारी कस्बे के पुष्पांजलि क्लीनिक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पहुंचे आठ-नौ लोगों ने खुद को हरियाणा का अधिकारी बताकर जांच की। इसके बाद अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक अवधेश कुमार से पांच लाख रुपये प्रतिमाह की मांग की। पीड़ित की ओर से टप्पल थाने में शिकायत पत्र दिया गया है।
टप्पल थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के साथ पुलिस मामले की जांच कर रही है। अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक के अनुसार वाकया 19 सितंबर की दोपहर करीब एक बजे का है। आरोपियों ने उनके स्टाफ को कथित रूप से धमकाया। गाली-गलौज की। चेतावनी दी कि अल्ट्रासाउंड सेंटर चलाने के लिए पांच लाख रुपये प्रतिमाह देने होंगे। रुपये न देने पर सेंटर बंद कराने और जान से मारने की धमकी दी। जाते समय आरोपी एक पर्ची पर अपना नाम और मोबाइल नंबर देकर गए।
उन्होंने बताया कि घटना के समय वह बाहर थे। रिसेप्शनिस्ट विकास ने मोबाइल पर कॉल कर पूरी जानकारी दी। अल्ट़्रासांउड सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों की कथित गतिविधियां रिकॉर्ड हैं। उन्होंने सुंदर सिंह, मोहित गुप्ता, प्रकाश सिंह और सुनीता बघेल के खिलाफ नामजद शिकायत की।