जल जीवन मिशन के तहत शहर व देहात में कई जगह सड़कें खोद कर छोड़ दी गईं हैं। इधर, रामलीला में राम बरात निकालने की तैयारियां हो रही हैं। राम बरात से पहले ऊबड़खाबड़ सड़कों को दुरुस्त कराने की मांग हो रही है।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रवि आरोरा, नीरज वर्मा और दीपांशु सक्सेना ने बताया कि कस्बे में रामलीला शुरू हो गई है। 23 सितंबर को राम बरात निकाली जाएगी। बरात कस्बे से चौक गुरुदत्ता स्थित मंदिर पर पहुंचेगी। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के लिए इस सड़क को खोद दिया गया है। गांव नहल, जगतपुर, चित नगला व कमालपुर में भी सड़कें खोद कर छोड़ दी गईं हैं, जिससे राम बरात निकलने में परेशानी होगी। युवा पहल के अध्यक्ष इंजीनियर हिमांशु मित्तल गुप्ता व रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने कमिश्नर के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया। जिसमें बरात से पहले सड़कों को दुरुस्त कराने की मांग की गई है। एसडीएम सुमित सिंह ने ईओ व जल निगम के अधिकारियों से समाधान करने को कहा है। ईओ अमिता वरुण ने बताया कि जल्द ही सड़कें दुरुस्त कराने के लिए जल निगम को पत्र जारी किया गया है।