अलीगढ़ जनपद में पांच तहसीलों के बाद अकराबाद को तहसील बनाने की बात सामने आई। उसके बाद छर्रा को तहसील बनाने की मांग उठी। अब गंगीरी को भी तहसील बनाने की मांग उठने लगी है।
गंगीरी क्षेत्र के लोगों को साथ मिलकर संघर्ष समिति के सदस्यों ने गंगीरी को तहसील बनाने की मांग करते हुए रैली निकाली। 7 जुलाई को पूरा बाजार बंद कराकर नायब तहसीलदार मंयक गोयल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन
ज्ञापन में गंगीरी को तहसील बनाने की मांग के साथ कस्बा के मुख्य मार्ग पर जलभराव से निजात दिलाने की मांग की। गांव धनसिंहपुर पर काली नदी पर पुल बनाने की अपील भी की। ग्रामीणों ने बताया है कि मुख्य मार्ग के पास ही पोखर थी। इसमें नालियों के जरिए पानी जाता था, लेकिन अब उसे पोखर को मिट्टी डालकर पाट दिया है।
अब घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर ही भर जाता है। गांव धनसिंहपुर पर काली नदी पर एक पुलिया छर्रा विधायक की पहल से बनी थी। पिछले साल बारिश में वह पुलिस ढह गई। अब लोग यहां मजबूत पुलिया के निर्माण की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में संघर्ष समिति के अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय, मोती बजाज, प्रशात वार्ष्णेय, डाॅ. विष्णु कुमार कुशवाहा, हरिओम शर्मा आदि मौजूद रहे।