पति की लंबी उम्र के लिए सुबह से ही व्रत रखा था, लेकिन करवाचौथ पूजा के दौरान शहर में दो स्थानों पर गृह क्लेश में दो पतियों ने मौत को गले लगा लिया। दोनों सुहागिनों के लिए करवाचौथ का दिन किसी काल से कम नहीं रहा। दोनाें की मांग का सिंदूर उजड़ गया। दोनों घरों में मातम छा गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में पूछताछ शुरू कर दी है।
पहला मामला क्वार्सी के कौछोड़ का है। यहां के निवासी 48 वर्षीय भगवानदास पुत्र ओमप्रकाश का करवाचौथ पूजा के बाद पत्नी से किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ और घर से निकल आया। बताया जा रहा है कि पत्नी ने त्योहार पर एक साड़ी मांगी थी पति साड़ी नहीं लाया तो विवाद हो गया। विवाद के बाद गांव के बाहर आकर पति ने पेड़ पर फ ांसी का फंदा बनाया और उस पर झूल गया।
सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने उसे फं दे पर लटका देखा तो खलबली मच गई। आननफानन खबर पूरे गांव में फैल गयी। बिना पुलिस को सूचना दिये शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दूसरे प्रकरण में क्वार्सी के होली चौक निवासी 30 वर्षीय विजेंद्र पुत्र होतीलाल का करवाचौथ पूजा के बाद पत्नी से विवाद हुआ और उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ते देख उसे एएमयू के जेएन मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। विजेंद्र के घर में त्योहार के दिन हुई इस दुखद घटना के बाद मातम पसरा है। त्योहार में हुई इन दो घटनाओं से संबंधित परिवारों के साथ ही आसपास के घरों में भी सन्नाटा है।