सोमवार से डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी, जो एक नवंबर तक चलेंगी। इस परीक्षा में कुल 2123 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनके लिए जिले में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
डीएलएड की यह परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जा रही है। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 27, 28 और 29 अक्तूबर को होगी, जबकि तृतीय सेमेस्टर के छात्र 30, 31 अक्तूबर और एक नवंबर को परीक्षा देंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश ने बताया कि सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रूप से रखने के लिए मजबूत निगरानी व्यवस्था की गई है। शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, डीआरबी इंटर कॉलेज, उमेश चंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन, सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज, रामबाग इंटर कॉलेज, सरस्वती इंटर कॉलेज, अक्रूर इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया है।