महानगर के सिविल लाइंस इलाके के समद रोड पर रहने वाले मोबाइल डीलर रोहित केला को लॉकडाउन के दौरान मोबाइल की बिक्री करना भारी पड़ गया। सूचना पर एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने डीलर रोहित केला के पास से मिले 150 के करीब मोबाइल (करीब पांच लाख कीमत के) सील कर दिए हैं। डीलर से मोबाइल मंगवाने संबंधी बिल आदि पेश करने के लिए कहा है।
समद रोड स्थित आनंद होटल के पास मोबाइल डीलर रोहित केला का मकान है । उनकी जयगंज में होलसेल की दुकान है। सोमवार को उनके घर पर पुलिस-प्रशासन की टीम पहुंच गई। टीम ने मौके से 150 के करीब मोबाइल फोन जब्त कर लिए। रंजीत सिंह के मुताबिक मामले में जांच बैठा दी गई है। कारोबारी के संबंध में पता लगा है कि वह मोबाइल फोन दिल्ली और गाजियाबाद-नोएडा से लॉकडाउन के दौरान लेकर आया था। कुछ माल कंपनी ने सप्लाई कर अलीगढ़ ही भेजे थे। इस पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। बिल आदि दस्तावेज मांगे गए हैं।