अलीगढ़ के पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात लोकेंद्र नाम के सिपाही का थाना गांधी पार्क इलाके के दुबे पड़ाव स्थित होटल रॉयल क्लासिक के रूम नंबर 107 में फांसी के फंदे से लटकता हुआ शव मिला। इसपर पुलिस महकमे और होटल के अंदर हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सिपाही की उम्र करीब 25 वर्ष है।
वह मूल रूप से आगरा का निवासी है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर इलाका पुलिस समेत एसपी सिटी कुलदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी द्वितीय राघवेंद्र सिंह और फोरेंसिक टीम के साथ पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने सिपाही के शव को फंदे से उतारकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
होटल स्वामी प्रशांत के अनुसार सिपाही पिछले कई दिनों से होटल में रुका हुआ था। बताया जा रहा है कि सिपाही के बैग में चाकू व अन्य सामान मिले हैं। पुलिस के सभी अधिकारी होटल के रूम नंबर 107 के अंदर जांच पड़ताल के बाद बाहर निकले और एसपी सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिवार को भी सूचित कर दिया गया है।