महानगर में लूट छिनैतियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा। मंगलवार दिनदहाड़े रामघाट रोड के अतिव्यस्त जनकपुरी मोड़ पर टिर्री सवार ग्रामीण से बाइक सवार तीन बदमाश रुपयों का बैग लूट ले गए। इस दौरान भीड़ से बचने के लिए बदमाशों ने एक हवाई फायर भी किया और तेजी से क्वार्सी की ओर निकल गए। घटना के वक्त ग्रामीण रामघाट रोड की एचडीएफसी बैंक शाखा से रुपये निकालकर लाया था। तभी टिर्री में बैठते ही बदमाश पीछे लग गए। पीड़ित लूट की रकम एक लाख रुपये बता रहा है, जबकि पुलिस जांच में बैंक से 85 हजार रुपये निकाले जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस टीमें बैंक व रोड के सीसीटीवी की मदद से बदमाशों तक पहुंचने को प्रयासरत हैं।
मूल रूप से जरगवां बुलंदशहर निवासी फुरसत सिंह का अपना ट्रांसपोर्ट है। उनके ट्रक चलते हैं। उनका यहां रामघाट रोड एचडीएफसी शाखा में खाता है। उन्हें अपने ट्रक की किश्त जमा करनी थी। इसके लिए उन्होंने अपने बेटे नरेंद्र सिंह को 85 हजार रुपये का चेक देकर बैंक से रुपये निकालकर लाने के लिए भेजा था। दोपहर करीब दो से ढाई बजे के मध्य नरेंद्र बैंक में रुका है और उसने रुपये निकाले हैं। इसके बाद रुपयें बैग में रखकर वह बैंक के बाहर से क्वार्सी चौराहे के लिए टिर्री में सवार हुआ है। क्वार्सी से वह बस में सवार होकर अपने गांव चला जाता। टिर्री में वह एक साइड से बैठा था।
टिर्री जैसे ही जनकपुरी मोड़ पर पहुंची, तभी पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों में से एक ने उसके हाथ में लगा बैग छीनने का प्रयास किया। मगर झपट्टे में बैग आने से बच गया। इसके बाद बाइक से एक बदमाश उतरा है और फिर नरेंद्र पर तमंचा तानकर बैग छीन लिया है। फिर बदमाशों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए एक हवाई फायर किया और भाग गए। इस लूट की सूचना पर तत्काल एसपी सिटी अभिषेक, सीओ अनिल समानिया, इंस्पेक्टर क्वार्सी विनोद कुमार आदि मौके पर पहुंच गए।
फिर जांच पड़ताल के बाद बैंक गए। पूछताछ में नरेंद्र ने एक लाख रुपये लूट की जानकारी दी। मगर बैंक से 85 हजार रुपये निकाले जाने की पुष्टि हुई। घटना में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ अनिल समानिया के अनुसार हुलिया व सीसीटीवी की मदद से बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास जारी है।