घुडियाबाग में नगर निगम द्वारा पाइप लाइन डालने के बाद खुदे पड़े गड्ढों से बचकर निकलते टिर्री चालक
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सड़कों का गड्ढामुक्ति अभियान चला, लेकिन अभी तक कई सड़कों में ये समस्या बनी हुई है। शहर के घुड़ियाबाग इलाके में बुधवार को गड्ढे वाली सड़क प्रसव की वजह बन गई। गनीमत है कि मोहल्ले के लोगों की मदद से सड़क पर गर्भवती ने बच्ची को जन्म दिया।
ऐसे हुआ बच्ची का जन्म
देहली गेट के इंदिरा नगर इलाके की गर्भवती पुष्पा को परिजन सुबह-सुबह प्रसव संबंधी परेशानी होने पर महिला अस्पताल लेकर जा रहे थे। महिला ई रिक्शा में सवार थी और कुछ परिजन साथ थे। जैसे ही ई रिक्शा घुड़ियाबाग के पास पहुंचा, तो सड़क में गड्ढों की वजह से अचानक से महिला की तबियत बिगड़ी और वह बेहाल होने लगी। इस पर ई रिक्शा पूर्व विधायक स्व.रमेश करन के घर के बाहर रोक लिया गया। वहां मोहल्ले की महिला व अन्य लोगों की मदद से दूसरे वाहन से जल्दी प्रसूता को ले जाने का प्रयास हुआ। मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। महिला ने वहीं बच्ची को जन्म दे दिया। इसके बाद उसे व जन्मी बच्ची को तत्काल महिला अस्पताल ले जाया गया।
पाइप लाइन के लिए खोदी गई थी सड़क
पूर्व विधायक पुत्र विनोद करन बताते हैं कि इस इलाके में काफी समय पहले पाइप लाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी। उसके बाद मिट्टी डालकर गड्ढे भर दिए गए। मगर सड़क नहीं बनी है। सड़क के गड्ढे आज भी परेशान कर रहे हैं। आए दिन यहां वाहन पलटते हैं और दुर्घटनाएं होती हैं। मगर इस तरफ किसी का ध्यान नहीं जाता।