क्वार्सी फ्लाईओवर पर बंद स्ट्रीट लाइटें।
- फोटो : samvad
स्मार्ट और सुरक्षित शहर के दावों के बीच अलीगढ़ की कई प्रमुख सड़कें रात होते ही अंधेरे में डूब जाती हैं। रामघाट रोड, पीएसी क्षेत्र, ओजोन सिटी रोड और क्वार्सी फ्लाईओवर पर बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी के साथ हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल रामघाट रोड पर तालानगरी, पीएसी और ओजोन सिटी मोड़ के आसपास शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है। ओजोन सिटी रोड पर भी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद हैं, जबकि क्वार्सी फ्लाईओवर पर कई दिनों से प्रकाश व्यवस्था ठप पड़ी है।
रामघाट रोड से रोजाना गुजरने वाले बाइक सवार अंकित वर्मा बताते हैं कि अंधेरे के कारण सड़क पर गड्ढे और बैठे पशु समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। मोहम्मद आरिफ का कहना है कि महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। कई बार शिकायतों के बावजूद खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत नहीं कराई गई है।