क्षेत्र के गांव भवानीपुर निवासी एक युवक की नोएडा में सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार को युवक का अंतिम संस्कार गांव में किया गया।
गांव भवानीपुर निवासी 28 वर्षीय सतेंद्र कुमार पुत्र देवी सिंह नोएडा के कासना क्षेत्र में रहकर एक निजी कंपनी में काम करता है। परिजनों ने बताया है कि मंगलवार की शाम को वह बाइक से कंपनी से कमरे पर जा रहा था। रास्ते में किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजन नोएडा के लिए रवाना हो गए। इधर, युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को रोते-बिलखते छोड़ा है। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।