ऑनलाइन ठगी करने वाले लगातार लोगों को लुभावने लालच देकर अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में क्वार्सी पुलिस ने साइबर सेल की मदद से एक ठग को गिरफ्तार किया है। यह लोगों को तमाम तरह के लालच देकर उनसे ओटीपी हासिल कर लेता था और उनके बैंक अकाउंट को पेटीएम से लिंक कर रुपये उड़ा देता था। इस व्यक्ति से पांच मोबाइल व नकदी भी बरामद हुई है।
इंस्पेक्टर क्वार्सी छोटेलाल के अनुसार ओटीपी मांगकर ऑनलाइन ठगी करने की तमाम शिकायतें पुलिस के पास आ रही थीं। इसी क्रम में 19 सितंबर को क्वार्सी क्षेत्र के एक बुजुर्ग की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें ओटीपी मांगने के बाद चार-पांच बार में उसके पेंशन अकाउंट से रुपये गायब कर दिए। इस जांच में पाया गया कि बैंक अकाउंट को पेटीएम अकाउंट से लिंक कर 65 हजार रुपये निकाले गए हैं। इसके अलावा अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी की जांच उजागर हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी योगेश निवासी भगता नगला थाना रजपुरा संभल को पीएसी रामघाट रोड के पास से गिरफ्तार किया है। इधर, गांधीपार्क पुलिस ने लवकुश उर्फ धर्मेन्द्र सिंह, विक्रम सिंह निवासीगण शाहगढ़ अकराबाद, को चोरी के दो मोबाइल सहित गिरफ्तार किया है।