सुरेंद्र नगर की महिला से ऑनलाइन ठगी के मास्टर माइंड को बस्ती पुलिस ने साइबर ठगी में दबोच लिया है। उसने पिछले 4 साल में दस करोड़ की ठगी स्वीकारी है। अब उसे अलीगढ़ पुलिस यहां लाकर पूछताछ करेगी। इसके लिए न्यायालय से वी वारंट प्राप्त कर लिया है। जिसे बस्ती जेल में दाखिल किया जाएगा। न्यायालय से जारी तलबी आदेश के अनुसार 15 मार्च को यहां न्यायालय में तलब किया गया है।
इंस्पेक्टर साइबर थाना सुरेंद्र कुमार के अनुसार सुरेंद्र नगर निवासी वीना सागर संग 1.10 लाख की ठगी का मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसका खुलासा करते हुए 5 फरवरी को जिम ट्रेनर व मॉडल योगेश उर्फ विदित निवासी मेरठ को जेल भेजा था। उसके बाद एक अन्य मनीष सविता आगरा से गिरफ्तार किया गया। जिम ट्रेनर ने स्वीकारा था कि उससे सीवान बिहार का राहुल फर्जी एकाउंट खरीदता था और वही रुपये ट्रांसफर कराता था। हाल इंदिरापुरम गाजियाबाद निवासी राहुल को पिछले सप्ताह बस्ती में साइबर ठगी में दो साथियों के साथ पकड़ा गया है। उसने पिछले चार साल में 10 करोड़ की ठगी स्वीकारी है। अब अपने इस मुकदमे में पूछताछ के लिए उसे यहां लाया जाएगा। इसके लिए न्यायालय से वी वारंट बुधवार को प्राप्त कर लिया गया है और उसे रविवार को यहां से टीम भेजकर सोमवार को बस्ती जेल में दाखिल किया जाएगा। उसे न्यायालय ने 15 मार्च को तलब किया है। यहां आने के बाद उससे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
जिम ट्रेनर की जमानत भी खारिज
इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए जिम ट्रेनर योगेश की जमानत सत्र न्यायालय से खारिज हो गई है और जमानत अब हाईकोर्ट में दाखिल की गई है। वहीं उसके दूसरे साथी मनीष सविता की जमानत पर अभी यहां सुनवाई लंबित है।