फायर बिग्रेड में तैनात फायरकर्मी रविंद्र कुमार एक अजीब तरह की साइबर ठगी का शिकार हुआ है। फायरकर्मी को पता ही नहीं चला और हैकर ने उसके खाते पर 4.90 लाख रुपये का ऋण ले लिया और 40 हजार रुपये उसके खाते से भी निकाल लिए। इस तरह फायरकर्मी संग 5.30 लाख रुपये की ठगी हुई है। बृहस्पतिवार को जब वह अपनी पासबुक अपडेट कराने पहुंचा तो इस ठगी की जानकारी हुई। अब मामले में एसपी सिटी से शिकायत के आधार पर सेल को जांच सौंपी गई है।
बन्नादेवी फायर सर्विस स्टेशन पर तैनात रविंद्र कुमार का एसबीआई मुख्य शाखा में वेतन खाता है। बृहस्पतिवार सुबह वह अपनी पासबुक अपडेट कराने बैंक गए तो पता चला कि खाते से 4.90 लाख रुपये का ऋण लिया गया है और 40 हजार रुपये उनके खाते से भी निकाले गए हैं। जब उन्होंने बैंक अधिकारियों से इस पर ऐतराज जताते हुए पूछा तो जांच में पता चला कि किसी हैकर ने यह किया है। ऋण के लिए जो फाइल बनी है। उस पर एक मोबाइल नंबर भी अंकित है। इसमें काफी काम ऑनलाइन हुए हैं। रविंद्र ने इसमें बैंक स्टाफ की मिली भगत का अंदेशा जताते हुए एसपी सिटी से शिकायत की, जिस पर साइबर सेल को जांच सौंपी गई है। जांच के आधार पर मुकदमा आदि कार्रवाई की जाएगी।
महिला के खाते से 30 हजार रुपये पार
महानगर के सिविल लाइंस के जमालपुर की महिला का एटीएम कार्ड गायब कर हैकर ने खाते से 30 हजार रुपये पार कर दिए। इस संबंध में थाने में तहरीर दी गई है। तहरीर के अनुसार आलिया रजा पत्नी वासिफ अली का मेडिकल रोड आंध्रा बैंक में खाता है। बुधवार शाम वह बाजार गई थीं। इसी दौरान किसी ने उनका पर्स उड़ा दिया। इस पर्स में रुपयों के अलावा एटीएम कार्ड, पैनकार्ड आदि रखे थे। इसी कार्ड की मदद से उनके खाते से 30 हजार रुपये उड़ा दिए गए। जब उनको मोबाइल पर संदेश आया तो रुपये गायब होने की खबर लगी। मामले में फिलहाल एटीएम ब्लाक करा दिया गया है और थाने में तहरीर दे दी गई है।