भोजन का जायका बढ़ाने वाले जीरे के दामों में आई गिरावट से आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। चार महीने पहले तक 800 रुपये प्रति किलो तक बिक रहे जीरे के दाम अब 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। नतीजा, जीरा एक बार फिर आम आदमी की रसोई में नजर आने लगा है।
विज्ञापन
पिछले कुछ महीनों से जीरे की आवक में तेजी आई है। राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे प्रमुख उत्पादन वाले राज्यों से लगातार नया माल मंडियों में पहुंच रहा है। आवक बढ़ने से थोक बाजार में इसके दामों में गिरावट देखी जा रही है, जिसका असर खुदरा बाजार में भी इसके दामों में कमी के रूप में देखने को मिल रहा है।
व्यापारी बताते हैं कि पिछले सीजन में उत्पादन प्रभावित होने के कारण जीरे के भाव अचानक बढ़ गए थे। निर्यात मांग अधिक होने और घरेलू स्टॉक कम होने की वजह से दामों ने रिकॉर्ड तोड़ दिया था, लेकिन अब फसल की स्थिति बेहतर है और माल की उपलब्धता बढ़ने से बाजार स्थिर हो गया है।
विज्ञापन
किराना कारोबारी संजय कुमार का कहना है कि थोक बाजार में जीरा इस समय 280 से 310 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, जबकि खुदरा बाजार में इसके दाम 350 रुपये प्रति किलो हैं। अगर अगले कुछ हफ्तों तक आवक इसी तरह बनी रही तो जीरे के दामों में और 10 से 15 फीसदी की गिरावट संभव है।